ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- जिला रोजगार कार्यालय सोलन ने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। जिला रोजगार अधिकारी सोलन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विभिन्न निजी कंपनियों में कुल 150 पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार एम/एस आईएफएस लिमिटेड द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 80 पदों को भरा जाना है। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, वजन 56 से 95 किलोग्राम तथा आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 18,000 से 24,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

इन पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 15 जून 2026 को मॉडल करियर सेंटर सोलन (जिला रोजगार कार्यालय, जटोली) तथा 16 जून 2026 को उप-रोजगार कार्यालय अर्की में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 10:30 बजे उपस्थित होना होगा।

इसके अतिरिक्त डॉ. रेड्डीज लेबोरेट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा एसएमटी (सेल्फ मैनेज्ड टीम) ट्रेनी के 70 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 12वीं (मेडिकल/नॉन मेडिकल) में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। केवल फ्रेशर एवं अविवाहित अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 20 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2.09 लाख रुपये वार्षिक वेतन के साथ भोजन, आवास एवं परिवहन सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इन पदों के लिए साक्षात्कार 10 जून 2026 को मॉडल करियर सेंटर सोलन (जटोली) में सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी प्रतियां, आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, दो पासपोर्ट साइज फोटो, क्लिपबोर्ड और बॉल पेन साथ लाने होंगे।

जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से इन रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय सोलन से संपर्क किया जा सकता है।
नोट: किसी भी कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।


