ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश दिए तथा लोगों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय में भाषण, नारा लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों तथा उनके समाधान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

इको क्लब प्रभारी पुष्पेंद्र कौशिक ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता रैली और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए पुरस्कृत किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों और स्टाफ से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना की।





