ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के संचालन के लिए आधिकारिक परीक्षा केन्द्र के रूप में स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत महाविद्यालय में 1 जून से इग्नू की टर्म एंड परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता शर्मा ने बताया कि वर्तमान परीक्षा सत्र में करीब 200 विद्यार्थी विभिन्न इग्नू पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं। परीक्षाएं इग्नू के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन प्रातः और सायं सत्र में आयोजित की जा रही हैं तथा परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि अर्की में इग्नू परीक्षा केन्द्र स्थापित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को सुविधा मिली है। पहले विद्यार्थियों को परीक्षाओं के लिए सोलन, शिमला और बिलासपुर जैसे अन्य केन्द्रों में जाना पड़ता था, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता था।

प्राचार्या ने कहा कि स्थानीय स्तर पर परीक्षा केन्द्र उपलब्ध होने से विद्यार्थी अब अपने नजदीकी क्षेत्र में ही परीक्षा दे पा रहे हैं। यह सुविधा अर्की तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी और दूरस्थ शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक बनेगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने इग्नू द्वारा परीक्षा केन्द्र की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर आभार व्यक्त किया है।



