ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जयनगर स्थित पैरामाउंट पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुरेश कश्यप उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष भाजपा सोलन रतन सिंह पाल तथा पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा शामिल हुए।

इस अवसर पर भाजपा जयनगर मंडल अध्यक्ष राजेश महाजन तथा युवा मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष जुगल किशोर ठाकुर भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों ने सराहा।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के चेयरमैन सेवानिवृत्त कैप्टन रोशन लाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्य सड़क मार्ग से पैरामाउंट पब्लिक स्कूल तक सड़क को पक्का करने के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया गया।




