हर रील में दिखने वाला ये हंसता लड़का आखिर है कौन? चाय के गिलास के पीछे छिपी है पूरी कहानी

हर रील में दिखने वाले ‘हंसते लड़के’ की कहानी:

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील्स और मीम्स में अक्सर चाय का गिलास हाथ में लिए खिलखिलाकर हंसता एक लड़का नजर आता है। अपनी सहज हंसी से लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला यह युवक अब इंटरनेट की दुनिया में खास पहचान बना चुका है। इस वायरल ‘लाफिंग बॉय’ का नाम अरुण कुमार है, जो तेलंगाना का रहने वाला है।


अरुण की हंसी जितनी सादगी भरी है, उसकी जिंदगी उतनी ही संघर्षपूर्ण रही है। आर्थिक तंगी के कारण उसे चौथी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी और जीवनयापन के लिए काम करना पड़ा। इसी दौरान उसकी मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई, जिसने उसे अपने साथ काम पर रख लिया।


ट्रक यात्राओं के दौरान बनाए गए वीडियो में एक दिन अरुण का चाय पीते हुए बेफिक्र अंदाज में हंसता हुआ वीडियो रिकॉर्ड किया गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और अरुण रातोंरात चर्चा में आ गया। उसकी स्वाभाविक हंसी लोगों के बीच खुशी का प्रतीक बन गई।


वायरल होने के बाद अरुण की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया। नेहरू ने उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाई और उसे दोबारा स्कूल में दाखिला दिलवाया। मेहनत और लगन के दम पर अरुण ने 10वीं की परीक्षा भी पास कर ली, जो उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि है।


आज अरुण कुमार केवल एक वायरल चेहरा नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और उम्मीद की मिसाल बन चुका है। उसकी कहानी यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति से जीवन की दिशा बदली जा सकती है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page