रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- आईपीएल 2026 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए इस मैच में रोहित ने 38 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 205.26 का रहा।


रोहित की इस विस्फोटक पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस को 220 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन शुरुआत मिली। रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की शानदार साझेदारी हुई।


इस पारी के साथ ही रोहित शर्मा ने आईपीएल में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अब तक 1161 रन बना लिए हैं, जबकि विराट कोहली के नाम पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन दर्ज हैं।


इसके साथ ही रोहित शर्मा इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं इस मुकाबले में रोहित और रयान रिकल्टन की 148 रनों की साझेदारी भी मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी साझेदारियों में शामिल हो गई है।


रोहित शर्मा की यह पारी न केवल टीम के लिए अहम साबित हुई, बल्कि उन्होंने आईपीएल इतिहास में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page