ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज । राजधानी शिमला में राष्ट्रीय संस्था हिमाचल एकता मंच द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल में ‘बेटियां स्माइल अवार्ड शो’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बेटियां फाउंडेशन के हिमाचल चेयरमैन चन्द्रमणि मानिक शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि लाइट ऑफ नेशन के एमडी प्रांजल जैन डायमंड गेस्ट के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष वंदना शर्मा, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर प्रीती श्रीवास्तव, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट बॉलीवुड पंजाबी सिंगर आर.बी. सिंह, हिमाचली स्टार गायक विक्की राजटा तथा ‘रोहडू जाना मेरी आमिये’ फेम प्रीतम चंद भी उपस्थित रहे। हिमाचल एकता मंच के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष दीप लाल भारद्वाज तथा एमडी प्रांजल जैन का कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने जोरदार स्वागत किया।
इस आयोजन के दौरान प्रदेश भर से आई करीब 550 महिलाओं को ‘बेटियां स्माइल अवार्ड’ देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को भी दीप लाल भारद्वाज द्वारा हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसी दौरान जिला सोलन के अर्की क्षेत्र की रहने वाली पूनम शर्मा को भी अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और सराहनीय योगदान के लिए ‘बेटियां स्माइल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के अलावा जम्मू, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से भी कई सम्मानित अतिथि पहुंचे। सभी ने हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और हिमाचल एकता मंच द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।

