ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान से जुड़ी परिस्थितियों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गैस व पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच अर्की प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से न घबराने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार अर्की उपमंडल में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निरीक्षक रामस्वरूप शर्मा, जो अर्की क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, भंडारण और वितरण व्यवस्था की निगरानी करते हैं, ने प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसडीएम अर्की निशांत तोमर के निर्देशानुसार उपमंडल में ईंधन और एलपीजी की उपलब्धता की समीक्षा की गई है।

रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि अर्की क्षेत्र में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तथा सप्लाई व्यवस्था नियमित रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह की चर्चाएं चल रही हैं, उनसे घबराने की जरूरत नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एलपीजी उपभोक्ता 25 दिनों के बाद दूसरा सिलेंडर भी रिफिल करवा सकते हैं। एक उपभोक्ता एक माह में दो बार गैस सिलेंडर ले सकता है, जिसकी प्रक्रिया ओटीपी के माध्यम से पूरी की जाती है।

खाद्य निरीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से प्रभावित न हों और गैस, पेट्रोल या डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


