सोलन में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा सांसद महोत्सव प्रतियोगिता आयोजित, कारिका ठाकुर प्रथम

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  मेरा युवा भारत सोलन द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा सांसद महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन SHEDS लॉ कॉलेज सोलन में किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से 32 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी वक्तृत्व कला और लोकतांत्रिक समझ का परिचय दिया।


कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला उपायुक्त सोलन राहुल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मेरा युवा भारत हिमाचल प्रदेश, सोलन के उपनिदेशक विपिन कुमार ने मुख्य अतिथि को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने युवाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं विकास आधारित विषयों पर गंभीर चिंतन करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।


विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त निदेशक, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, प्रभात कुमार ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रोफेसर आर.पी. नैंटा, निदेशक SHEDS लॉ कॉलेज भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणामों में कारिका ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छवि शर्मा द्वितीय, अनिरुद्ध ठाकुर तृतीय, अवनी चतुर्थ तथा हर्षिता पंचम स्थान पर रहीं। ये पांचों प्रतिभागी 6 मार्च 2026 को शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय युवा सांसद कार्यक्रम में सोलन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के रूप में प्रोफेसर एच.आर. गौतम, आचार्य सुरेश शर्मा भारद्वाज, यशपाल कपूर, अदिति तिवारी एवं डॉ. बृजेन्द्र सिंह पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर मेरा युवा भारत सोलन की ओर से कनिष्क शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page