ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास करना था।

गत सप्ताह विद्यालय में विज्ञान एवं गणित क्विज प्रतियोगिता तथा विज्ञान एवं गणित ओलंपियाड आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताएं एलीमेंट्री और सेकेंडरी वर्गों में संपन्न हुईं। इसी अवसर पर विद्यालय में मैथ्स एवं साइंस क्लब का गठन भी किया गया। दोनों स्तरों पर 15-15 विद्यार्थियों को क्लब में शामिल किया गया, ताकि वर्षभर विषय आधारित गतिविधियां संचालित की जा सकें।

जूनियर वर्ग में विज्ञान क्विज में आरुषि, जतिन और दक्ष तथा गणित क्विज में मीनाक्षी, साक्षी और मोहित प्रथम रहे। माध्यमिक वर्ग में विज्ञान क्विज में यतिन, हिमांशु और जतिन तथा गणित क्विज में हितेश, तनीषा और गगन महाजन प्रथम स्थान पर रहे।
विज्ञान ओलंपियाड में अंकित, दीपक, दीपाली और निकिता तथा गणित ओलंपियाड में सुमित, अंकित, लक्षिता और जतिन गुप्ता ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने बताया कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और करियर जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मेंटर्स को आमंत्रित किया गया था। इन विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, अनुसंधान, जलवायु परिवर्तन, बागवानी एवं कृषि तथा बैंकिंग जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी।
स्वास्थ्य एवं जीवनशैली, अनुसंधान के अवसर, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण, कृषि एवं बागवानी में करियर संभावनाएं तथा बैंकिंग क्षेत्र में वित्तीय साक्षरता पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से संवाद किया।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के विद्यालय समन्वयक डॉ. चित्रेश, तुलसी राम और लखन पाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

