ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – संत निरंकारी मिशन की अर्की शाखा द्वारा अमृत परियोजना के चौथे चरण के अंतर्गत प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक ग्राम पंचायत सानन एवं बखालग की पानी की बावड़ियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में मिशन के स्वयंसेवकों तथा स्थानीय समाजसेवियों ने भाग लिया।

शाखा के मुखी गरीब दास ने बताया कि यह सेवा अभियान सतगुरु माता सुदीक्षा एवं निरंकारी राजपिता के सानिध्य में “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” संदेश के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा का संदेश “जब मन निर्मल होता है, तभी प्रकृति भी स्वच्छ होती है और जब सेवा में समर्पण जुड़ जाता है, तब समाज का नव निर्माण होता है”को भी साझा किया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक सुंदर, स्वच्छ और संतुलित रूप में सुरक्षित रखना है।

गरीब दास ने बताया कि बाबा हरदेव सिंह ने मानवता के हित में मिशन की महत्वपूर्ण परियोजना संत निरंकारी हेल्थ सिटी की रूपरेखा तैयार की थी, जिसे आज 23 फरवरी को उनके जन्मदिवस के अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा द्वारा मानवता को समर्पित किया गया।
अभियान के दौरान बावड़ियों की सफाई, आसपास की झाड़ियों की कटाई तथा कूड़ा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। मिशन ने लोगों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।




