ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम तथा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत चयनित 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को तकनीकी नवाचार, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की नवीनतम प्रगति तथा उच्च शिक्षा के अवसरों से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं और विभिन्न तकनीकी विभागों का अवलोकन कराया गया।

संस्थान के विशेषज्ञों और संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी नवाचार, रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग शिक्षा तथा करियर के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विद्यार्थियों को इस अवसर पर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे वे तकनीकी विषयों को व्यवहारिक रूप से समझ सके। वहीं शिक्षकों ने भी आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीकी संसाधनों और नवाचार आधारित शिक्षण के तरीकों को निकट से देखा। इससे उन्हें अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में नवाचार की भावना, जिज्ञासा, आत्मविश्वास और उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

भारती एयरटेल फाउंडेशन और समग्र शिक्षा के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह पहल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।




