ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की में सत्र 2025-26 की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया।

कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मस्त राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पीटीए प्रधान ममता शर्मा, ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर तथा पूर्व सीएससीए अध्यक्ष गौरव ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद आयोजित मार्च पास्ट में लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया। आयोजन प्रभारी प्रो. सोहन सिंह नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और रिले दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में महक ठाकुर ने प्रथम, हर्षित शर्मा ने द्वितीय और यामिनी ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में हर्षित शर्मा प्रथम, महक ठाकुर द्वितीय और यामिनी ठाकुर तृतीय रहीं। गोला फेंक स्पर्धा में गुंजन ठाकुर प्रथम, यामिनी ठाकुर द्वितीय और महक ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद में यामिनी ठाकुर प्रथम, रजनी द्वितीय और महक तृतीय रहीं, जबकि ऊंची कूद में यामिनी, कोमल और महक ठाकुर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। रिले दौड़ में महक, कोमल, इशा और हर्षिता की टीम विजेता रही।

पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में पुनीत सहगल प्रथम, नीरज द्वितीय और ऋतिक वर्मा तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में सुकृत प्रथम, पुनीत द्वितीय और रमन तृतीय स्थान पर रहे। गोला फेंक में शिवम भारद्वाज ने प्रथम, ऋतिक वर्मा ने द्वितीय और पंकज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में विनायक शर्मा प्रथम, पंकज द्वितीय और नीरज तृतीय रहे, जबकि ऊंची कूद में लक्ष्य प्रथम, वीरेंद्र द्वितीय और मुकेश तृतीय स्थान पर रहे।
इस वार्षिक खेल उत्सव में यामिनी ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ एथलीट (बालिका) और पुनीत सहगल को सर्वश्रेष्ठ एथलीट (बालक) घोषित किया गया। मंच संचालन डॉ. धनदेव शर्मा ने किया।

समापन अवसर पर भीम सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होते है।




