ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार की प्रधानाचार्य रेखा राठौर शिक्षा विभाग में अपनी 36 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के पश्चात सेवानिवृत हो गईं।

शिक्षा के क्षेत्र में रेखा राठौर के शिक्षकीय जीवन का आरंभ 6 सितंबर 1989 को हुआ था जब रेखा राठौर ने टीजीटी के तौर पर राजकीय उच्च विद्यालय बसंतपुर जिला शिमला में नियुक्ति पाई थी।

इसके पश्चात रेखा राठौर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी-सोलन,राजकीय माध्यमिक विद्यालय रौड़ी,दाड़लाघाट,राजकीय उच्च विद्यालय भराड़ीघाट,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में अपनी शिक्षकीय सेवाएं दीं।

इसके पश्चात रेखा राठौर ने राजकीय उच्च विद्यालय कश्लोग में मुख्य अध्यापिका के रूप में ज्वाइन किया और 23 मई 2022 तक एक मुख्य अध्यापिका के रूप में अपने उत्कृष्ट सेवाएं दीं। रेखा राठौर ने 23 मई 2022 को प्रधानाचार्य के रूप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार तहसील अर्की में पदभार ग्रहण किया। यहां लगभग तीन वर्षों तक रेखा राठौर ने प्रधानाचार्य के रूप में अपनी उत्कृष्ट व समर्पित सेवाएं दी। रेखा राठौर ने शिक्षा में बेहतरी के लिए जरूरतमंद बच्चों की आर्थिक सहायता की।

उन्होंने अपनी व्यक्तिगत निधि से विद्यार्थियों को ब्लेजर प्रदान किये और अपनी व्यक्तिगत निधि से उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों व अध्यापकों को पुरस्कृत भी किया। रेखा राठौर ने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और खेलों के प्रोत्साहन के लिए भी विशेष रूप से कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शिक्षा के साथ साथ अन्य गतिविधियों में भी खंड स्तर पर तथा जिला स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। रेखा राठौर ने शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 36 वर्षों की अपनी गौरवमयी यात्रा के दौरान हजारों विद्यार्थियों का जीवन संवारा। सेवानिवृत्ति के अवसर पर रेखा राठौर को उनके परिवार जनों की उपस्थिति में उनकी उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चाखड़ व पारनू पंचायत समिति के सदस्य बलवंत सिंह द्वारा भी रेखा राठौर को सम्मानित किया गया। पंचायत प्रधान चाखड़ गुरदेई ठाकुर ने रेखा राठौर को सेवानिवृत्ति के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार ने शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी उल्लेखनीय प्रगति की । विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अनु बंसल ने भी रेखा राठौर की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। रेखा राठौर की सेवानिवृत्ति के अवसर पर बुघार विद्यालय परिवार द्वारा एक लघु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार ने रेखा राठौर की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह् से सम्मानित किया गया।

रेखा राठौर ने अपनी सफल जीवन का श्रेय अपने पिता अमर सिंह वर्मा,अपनी स्वर्गीय माता शांति वर्मा,अपने ससुर पिताजी जगदेव सिंह राठौर व ससुर माता जी अजुध्या देवी व अपने जीवनसाथी सरताज सिंह राठौर को दिया। उल्लेखनीय है कि उनके जीवनसाथी सरताज सिंह राठौर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षा के क्षेत्र में एक विशिष्ट व्यक्तित्व हैं जो वर्तमान में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में प्रधानाचार्य के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

उप प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर ने कहा कि प्रथम एक शिक्षिका के तौर पर और उसके पश्चात एक मुख्य अध्यापिका और प्रधानाचार्य के तौर पर रेखा राठौर की सेवाएं एक उत्कृष्ट,गौरवमयी और प्रेरणादायी यात्रा है जिसने असंख्य विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं को बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। इस लघु सम्मान समारोह के दौरान मंच का संचालन टीजीटी आर्ट्स सुरेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चाखड़ के सम्मानीय सदस्य,विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्मानीय सदस्य व विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



