ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल के राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग का 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम इस वर्ष सराहनीय रहा। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 81.25 प्रतिशत रहा। कुल 16 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से अधिकतर ने अच्छे अंक हासिल किए।

छात्रा हर्षिता ठाकुर ने 700 में से 636 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। गायत्री शर्मा ने 618 अंक लेकर दूसरा स्थान और 603 अंक प्राप्त कर अमन कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विद्यालय की मुख्याध्यापिका ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को भी उनके निरंतर परिश्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। यह परीक्षा परिणाम विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।





