ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शशि कांत शर्मा ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शशि कांत शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान अमूल्य है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 के ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों से लेकर प्रधानमंत्री रहते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने तक, डॉ. सिंह की दूरदर्शी नीतियां और नेतृत्व प्रेरणादायक रहे हैं। उनका सादगीपूर्ण जीवन और निष्ठा राष्ट्र सेवा और ईमानदारी का अनुपम उदाहरण है। डॉ. मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनके आदर्श और उनके द्वारा स्थापित नीतियां सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस और पंचायती राज के प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।