हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री से सेवा शर्तों पर पुनर्विचार की मांग की

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सोलन के अध्यक्ष चंद्र देव ठाकुर और महासचिव भगत जगोता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कर्मचारियों की सेवा शर्तों से संबंधित प्रस्तावित विधेयक पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।

जिला अध्यक्ष चंद्र देव ठाकुर ने कहा कि 21 वर्ष पहले से लागू अनुबंध सेवा शर्तों में पुरानी तिथि से बदलाव करने से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे न्यायपालिका पर भी अनावश्यक बोझ बढ़ने की संभावना है, क्योंकि अधिकतर कर्मचारी अनुबंध सेवाकाल का लाभ उच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों के तहत पहले ही प्राप्त कर चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की नई व्यवस्था भविष्य में सरकारों को भी ऐसे निर्णय लेने के लिए प्रेरित कर सकती है। इससे यह संभावना बन सकती है कि वर्तमान सरकार द्वारा लिए गए कर्मचारी हितों के निर्णयों को वित्तीय बोझ का हवाला देकर उलट दिया जाए।

संघ के महासचिव भगत जगोता ने कहा कि इस प्रस्तावित बदलाव से कर्मचारियों में सेवा शर्तों के प्रति असमंजस और अनिश्चितता की स्थिति बनी रहेगी, जो न केवल कर्मचारियों बल्कि सरकार और प्रदेश के हितों के खिलाफ है।

संघ ने मुख्यमंत्री से इस विधेयक पर पुनर्विचार करने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने का आह्वान किया है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page