ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- उपमण्डल अर्की में पिछले दिनों लगातार चार दिनों तक भारी वर्षा हुई। जिस कारण उपमण्डल अर्की में व्यापत तौर विभिन्न सड़कों, सिंचाई व पेयजल योजनाओं, मकानों, गौशालाओं, डंगे, खेतों व पशुधन का नुकसान हुआ है।

प्रेस के माध्यम से जानकारी देते हुए उपमंडलाधिकारी(नागरिक) यादविन्द्र पॉल ने बताया कि गत दिनों कुनिहार क्षेत्र के वाहवां (बाडी) में भू-स्खलन की आशंका को देखते हुए पूरे गांव को खाली करवाया गया और प्रशासन द्वारा 80 विस्थापित लोगों के रहने व भोजन की व्यवस्था जवाहर नवोदय विद्यालय बणियां देवी, कुनिहार में की गई।

इसके अतिरिक्त गांव जावला, पटवार वृत मान में एक परिवार के 6 लोगों को भू-स्खलन की आशंका को देखते हुए ग्राम पंचायत प्रधान के आवास में रहने की व्यवस्था की गई है। इस वर्षा के कारण अभी तक 55 कच्चे मकानों 21 पक्के मकानों 45 गौशालाओं को नुक्सान पहुंचा है। इसी दौरान 5 पशुओं की मृत्यु हई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को अभी तक एक लाख पैंतालीस हजार रुपये की राशि तुरंत राहत के रूप में प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त प्रभावितों को 8 तिरपाल भी वितरित किए गए है। उन्होंने कहा कि क्षति प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने की प्रकिया जारी है।





