ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – लक्ष्मीबाई संकुल स्तरीय संघ बातल, विकास खंड कुनिहार की महिलाओं ने कंधर-बागा-दिल्ली रूट पर चलने वाली बस सेवा को बंद किए जाने के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। संघ की महिलाओं ने स्थानीय विधायक को पत्र भेजकर इस बस सेवा को तुरंत बहाल करने की मांग की है।

महिलाओं ने बताया कि यह बस पिछले लगभग 30 वर्षों से क्षेत्र की सबसे विश्वसनीय और सुरक्षित परिवहन सुविधा थी, लेकिन अब इस सेवा को कंधर से केवल चंडीगढ़ तक सीमित कर दिया गया है, जिसके कारण यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए अब सीधी बस उपलब्ध नहीं है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

महिलाओं का कहना है कि दिल्ली तक सीधी बस न होने के कारण अब यात्रियों को चंडीगढ़ में वाहन बदलना पड़ता है, जिससे यात्रा अधिक महंगी, असुविधाजनक और समय लेने वाली हो गई है। उन्होंने बताया कि इस बस से लगभग 1500 महिलाएँ प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई थीं, वहीं बातल क्षेत्र की दस पंचायतों के हजारों लोग इसी रूट पर निर्भर हैं। निगम द्वारा सेवा सीमित किए जाने से क्षेत्र में भारी रोष है।

लक्ष्मीबाई संकुल संघ की प्रधान रोशनी देवी ने कहा कि दिल्ली रूट की यह बस क्षेत्र की जीवनरेखा थी। इसके सीमित होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, बुजुर्गों और विशेष रूप से महिलाओं को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे आम जनता के साथ सीधा अन्याय बताया।

संकुल की महिलाएं चंचल, उमा देवी, सावित्री, कमला, गोदावरी, अनीता, बबीता, हीरा देवी, कमला वर्मा, वीना, पूनम, चंपा, मीरा, निर्मला, सरस्वती, कांता, चेतना, पूजा सहित अन्य सदस्यों ने मांग की कि बस सेवा को तुरंत बहाल किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक उनकी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर जल्द समाधान सुनिश्चित करेंगे।

