
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) हिमाचल प्रदेश राज्य प्राध्यापक संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में यूजीसी वेतनमान न मिलने के विरोध में तथा अन्य मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रहा।बुधवार को भूख हड़ताल का चौथा दिन रहा।संघ की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष सुरेश कुमार तथा सचिव संदीप कुमार ने कहा कि प्राध्यापक अपनी निष्ठा से अपना कार्य करते हैं,विद्यार्थियों का नुकसान ना हो इसलिए स्नातक स्तर की परीक्षाओं का संचालन भी कर रहे हैं।भीषण गर्मी में भूख हड़ताल करनी पड़ रही है।यह निराशाजनक है कि सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।उन्होंने कहा कि प्राध्यापकों द्वारा मूल्यांकन कार्य रुकने से बहुत से विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है,व जिसकी जिम्मेवारी सरकार को लेनी पड़ सकती है।उन्होंने बताया कि 9 जून तक कॉलेजों में इसी तरह से रोज सुबह दस बजे से पांच बजे तक मांग के समर्थन में भूख हड़ताल होगी तथा दस जून से क्रमिक अनशन होगा।इस अवसर पर डॉ विश्वज्योति,अजय तथा रवि भी मौजूद रहे।






