ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एंटी ड्रग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ तथा ‘100 वीक नशामुक्त युवा अभियान’ के तहत विभिन्न खेल एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ नशामुक्ति की शपथ के साथ हुआ। इसमें विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। एनएसएस प्रभारी प्रो. राहुल ने विद्यार्थियों को अभियान की महत्ता बताते हुए युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अभियान के तहत छात्राओं के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के बीच वॉलीबॉल मुकाबला आयोजित किया गया, जिसमें द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने जीत दर्ज की। वहीं छात्रों के बीच हुए मुकाबले में भी द्वितीय वर्ष की टीम विजेता रही। इसके बाद छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग एकल एवं युगल बैडमिंटन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के लिए भी बैडमिंटन मुकाबले आयोजित किए गए।
खेल गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त भारत का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त दिग्गल बाजार में जागरूकता संबंधी पम्फलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न स्थानों पर नशामुक्ति के संदेश वाले पोस्टर लगाए गए।
विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आने से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर हेतराम भारद्वाज ने कहा कि खेल, शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



