कसौली के करीब 40 वरिष्ठ कार्यकर्ता उपेक्षा से आहत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को पत्र लिखकर रखी पीड़ा; बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों की सूचना नहीं मिलने का लगाया आरोप
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और संगठन के प्रति करीब 58 वर्षों तक समर्पित रहे 82 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी.डी. कश्यप का दर्द आखिरकार छलक उठा है। कसौली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कथित अनदेखी का मामला अब संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। लंबे समय तक पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करने वाले डी.डी. कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वरमानी को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से पुराने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से लगातार दूर रखा जा रहा है और उन्हें बैठकों व कार्यक्रमों की जानकारी तक नहीं दी जाती।

प्रदेश एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे पत्र में डी.डी. कश्यप ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वह 22 वर्ष की आयु में कांग्रेस से जुड़े थे और तब से लेकर आज तक पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं। उन्होंने कभी किसी अन्य राजनीतिक दल को मतदान नहीं किया। वर्ष 2005 में प्रथम श्रेणी सूचना अधिकारी एवं जिला लोक संपर्क अधिकारी के पद से 35 वर्षों की सरकारी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका कांग्रेस संगठन के प्रति जुड़ाव लगातार बना रहा।
कश्यप कसौली कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष और पट्टा बरावरी जोन के प्रभारी सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने करीब छह वर्षों तक जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के उपाध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि वर्तमान में धर्मपुर स्थित मनसा माता मंदिर में आयोजित होने वाली कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठकों की सूचना तक उन्हें नहीं दी जाती। कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी के पंचायतों में होने वाले दौरों और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी भी पुराने कार्यकर्ताओं के साथ साझा नहीं की जाती। विधायक से संपर्क करने के प्रयासों को भी अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने की बात उन्होंने कही है।
डी.डी. कश्यप का कहना है कि पट्टा बरावरी, हरिपुर, जाबल जमरोट और जाड़ली पंचायतों में उन्होंने अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। करीब 15 वर्षों तक क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की और विधायक को तीसरी बार जीत दिलाने में भी अपनी भूमिका निभाई। इसके बावजूद आज उन्हीं पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की गतिविधियों से दूर रखा जा रहा है।
उन्होंने पार्टी में दूसरे दलों से आए कुछ लोगों को पुराने और निष्ठावान कांग्रेसियों की अपेक्षा अधिक महत्व दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। कश्यप के अनुसार, पूर्व प्रधान सुखराम, पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल सहित करीब 40 सक्रिय कार्यकर्ता संगठन में अपनी अनदेखी से आहत हैं। उन्होंने संकेत दिए हैं कि शीघ्र ही पट्टा बरावरी, हरिपुर, जाबल जमरोट और जाड़ली पंचायतों के असंतुष्ट वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर उनकी सामूहिक भावनाओं को पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा।
कसौली विधानसभा क्षेत्र में पुराने कांग्रेसियों की यह नाराजगी ऐसे समय सामने आई है, जब प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी है और अगले वर्ष विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में पार्टी के सामने पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है।
58 वर्षों तक पार्टी के साथ जुड़े रहे एक वरिष्ठ नेता की ओर से उठाए गए सवाल संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय हैं। अब देखना यह होगा कि प्रदेश और जिला कांग्रेस नेतृत्व इन कार्यकर्ताओं की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और उनकी नाराजगी दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है। चुनाव से पहले पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का यह मुद्दा कसौली कांग्रेस की एकजुटता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


