प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में गांधी सदन और सीनियर वर्ग में सुभाष सदन रहा प्रथम।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में विद्यार्थियों को ई-कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान चित्रकला, भाषण तथा जूनियर और सीनियर स्तर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें विद्यालय के इको क्लब और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में गांधी सदन ने प्रथम, सावित्रीबाई फुले सदन ने द्वितीय तथा सुभाष सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग में सुभाष सदन प्रथम, गांधी सदन द्वितीय और सावित्रीबाई फुले सदन तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ई-कचरे से पर्यावरण को होने वाले नुकसान, उसके सुरक्षित निपटान और पुनर्चक्रण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि पुराने मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैटरियों और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में नहीं फेंकना चाहिए, बल्कि उनका निपटान अधिकृत संग्रह केंद्रों के माध्यम से करना चाहिए।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के विद्यार्थियों ने भी अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ सहभागिता निभाई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और ई-कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित रहे।


