सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नशा निवारण के संदेश से सजा समारोह।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान एनएसएस प्रभारी अशोक कुमार ने शिविर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और स्वयंसेवियों की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी साझा की।

समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सरस्वती वंदना और एनएसएस गीत के बाद ‘उठे समाज के लिए उठें’ समूह गान प्रस्तुत किया गया। पंजाबी भांगड़ा और गिद्दा सहित अन्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया। मृदुल शर्मा, वरुण और दीर्घा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के दौरान निधि, निधिका शर्मा, सौरभ ठाकुर और जागृति कौशल ने नशा निवारण तथा एनएसएस की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
शिविर में सराहनीय प्रदर्शन के लिए दिव्यांश और हर्षिता को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया। वहीं, सुहानी और डिम्पल शर्मा को बेहतर प्रदर्शन तथा सोमा कौर को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान एनएसएस प्रभारी अशोक कुमार और सुनीता ठाकुर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। मंच संचालन सुनीता ठाकुर ने किया, जबकि अंग्रेजी प्रवक्ता पुष्पेंद्र कौशिक ने आयोजन में सहयोग दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अन्य कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


