घनागुघाट स्कूल में एनएसएस स्वयंसेवियों को सिखाए वैदिक गणित के गुर

करियर विकल्पों की दी जानकारी, प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता के लिए गणना कौशल मजबूत करने पर दिया जोर।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज।उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान विज्ञान स्नातक सुरेंद्र कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देने के साथ वैदिक गणित के गुर भी सिखाए।

सुरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को भविष्य में सफलता हासिल करने के लिए उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने वैदिक गणित की विभिन्न तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों के गणना कौशल को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वैदिक गणित की ट्रिक्स से गणित के कई सवालों को कम समय में हल किया जा सकता है, जो प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। शिविर में उपस्थित एनएसएस स्वयंसेवियों ने इस ज्ञानवर्धक सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता ठाकुर ने सुरेंद्र कुमार को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए गणित का ज्ञान और गणना कौशल बेहद महत्वपूर्ण हैं। वैदिक गणित विद्यार्थियों के मन से गणित के प्रति भय दूर करने तथा सवालों को सरलता और तेजी से हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैदिक गणित सीखने और इसका अभ्यास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता ठाकुर, अशोक कुमार, अंग्रेजी प्रवक्ता पुष्पेंद्र कौशिक सहित अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page