चमाकड़ी पुल के पास वर्षों से बंद शौचालय का मामला उठाया, आरएस बाली को सौंपा ज्ञापन

जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष से मिलकर उठाई मरम्मत की मांग, उचित कार्रवाई का मिला आश्वासन।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अर्की विधानसभा क्षेत्र के चमाकड़ी पुल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ स्थित सुलभ इंटरनेशनल का सार्वजनिक शौचालय पिछले कई वर्षों से बदहाल स्थिति में बंद पड़ा है। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और यात्रियों को पेश आ रही परेशानी को देखते हुए जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने यह मामला हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली के समक्ष उठाया है। उन्होंने कांगड़ा में आरएस बाली से मुलाकात कर शौचालय की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण करवाकर इसे दोबारा चालू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

शशिकांत शर्मा ने बताया कि चमाकड़ी पुल के समीप स्थित यह सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद होने के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। देखभाल के अभाव में इसकी हालत जर्जर हो चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ स्थित होने के चलते स्थानीय दुकानदारों के अलावा यहां से गुजरने वाले राहगीरों और यात्रियों को भी शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाई गई इस सुविधा को लंबे समय तक बंद रखना लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। इसे बहाल करने के लिए संबंधित स्तर पर शीघ्र कदम उठाए जाने चाहिए।

इससे पहले चमाकड़ी पंचायत के प्रधान नरेंद्र हांडा सहित स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने शशिकांत शर्मा को इस समस्या से अवगत करवाया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शौचालय के बंद रहने से उन्हें रोजमर्रा के कामकाज के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों की समस्या को देखते हुए शशिकांत शर्मा ने इसे पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष के समक्ष उठाया और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। शशिकांत शर्मा के अनुसार, आरएस बाली ने बंद पड़े सुलभ इंटरनेशनल शौचालय के निर्माण अथवा मरम्मत कार्य को लेकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस दिशा में जल्द कदम उठाए जाएंगे और लंबे समय से बंद पड़ी सार्वजनिक सुविधा दोबारा शुरू हो सकेगी। इस दौरान स्थानीय निवासी मदन ठाकुर, जोगिंदर ठाकुर, कमल कुमार, अश्वनी मिश्रा, धर्मेंद्र महंत और कर्मचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page