ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती के अंडर-14 वर्ग के छात्र-छात्राओं ने खंड एवं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी चन्द्रमणि महंत ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय की पांच छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है, जिससे विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय की छात्रा मानवी का चयन कबड्डी तथा बानी ठाकुर का चयन खो-खो प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तरीय स्तर पर हुआ। दोनों छात्राओं ने भुंतर में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया। इस दौरान सोलन जिले की टीम ने कबड्डी में प्रथम स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया।

वहीं, विद्यालय की छात्राओं हर्षिता, मानवी, लावण्या और कोमल का चयन अंडर-14 राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता मंडी जिले के हटगढ़ में आयोजित की जानी है। चयनित खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित कौंडल ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन को देते हुए शारीरिक शिक्षा अध्यापक यशपाल शर्मा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित छात्राएं आगामी प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और सोलन जिले का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर संतोष ठाकुर, ललित कुमार, विनोद कुमार, पंकज और रमेश सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं और शारीरिक शिक्षा अध्यापक को बधाई दी।


