जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में पदकों और ट्रॉफियों की झड़ी, छात्राओं ने जीते स्वर्ण पदक, विद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ियों को किया सम्मानित
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार के खिलाड़ियों ने जिला सोलन अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय सहित पूरे कुनिहार क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने टेबल टेनिस में विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि शतरंज सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 11 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है।

16 से 19 अक्टूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊंचा गांव, कुनिहार में आयोजित इस प्रतियोगिता में बी.एल. स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का प्रबंधन की ओर से मिठाई खिलाकर और मालाएं पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि शतरंज प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं कृतिका ठाकुर, अंजलिना ठाकुर और वैष्णवी ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। तीनों छात्राओं का बिलासपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। छात्र वर्ग में रुबल ठाकुर ने शतरंज में द्वितीय स्थान हासिल कर पदक जीता और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

टेबल टेनिस में विद्यालय की छात्राओं ने बेहतरीन खेल कौशल और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर विजेता ट्रॉफी और स्वर्ण पदक हासिल किए। टीम में कुशाग्री जोशी, भविता ठाकुर, वंशिका पाल और यशिता शामिल रहीं। इन चारों खिलाड़ियों का भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं, छात्र वर्ग में लक्ष्य कंवर, पार्थ चौहान, रोनित रघुवंशी, दक्ष कंवर और अनिरुद्ध पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफी और रजत पदक अपने नाम किए। इनमें लक्ष्य कंवर और पार्थ चौहान का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रिधि ठाकुर ने गोला फेंक में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि त्रिशा ने लंबी कूद में कांस्य और ऊंची कूद में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता प्राप्त की। ऊंची कूद में शानदार प्रदर्शन के आधार पर त्रिशा का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। राघव तंवर ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छात्राओं दिव्या कंवर और प्रतिभा कंवर ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया। वहीं, छात्र वर्ग में भावेश ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शास्त्रीय एकल गायन में ओजस्विनी ठाकुर, तेजल और प्रिनिता ने रजत पदक हासिल किए। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में नीरव ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की सराहना की। उन्होंने शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा और शारीरिक शिक्षक अमर देव के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन की विशेष प्रशंसा की। इस अवसर पर दोनों शारीरिक शिक्षकों को भी मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को खेलों एवं अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाले अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय के समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग ने खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


