विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, विजेता ब्लॉक स्तर पर करेंगे विद्यालय का प्रतिनिधित्व।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला हनुमान बड़ोग में समग्र शिक्षा के अंतर्गत रंगोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुभवात्मक अधिगम तथा कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर लोक नृत्य, रंगोली, 2D पेंटिंग, एकल गान, कोलाज मेकिंग, लेखन, कलरिंग तथा फिंगर एंड थंब पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और सृजनात्मक सोच का परिचय देते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

लोक नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा तीन व पांच की छात्राओं में अवनी व प्रज्ञा ने प्रथम तथा दिव्या शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह से आठ वर्ग में पूजा प्रथम, निहारिका द्वितीय, कृतिका तृतीय और अंशिता चतुर्थ स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में गौरिका व करण की जोड़ी प्रथम, नमन व मोहित द्वितीय तथा जागृति व नव्या तृतीय स्थान पर रहे।
2D पेंटिंग प्रतियोगिता में निहारिका ने प्रथम, कृतिका ठाकुर ने द्वितीय, भारती ने तृतीय तथा अंशिता सहगल ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। एकल गान में दिव्या प्रथम और अवनी द्वितीय रहीं, जबकि कोलाज मेकिंग में निहारिका प्रथम तथा मृदुल द्वितीय स्थान पर रहे।

लेखन प्रतियोगिता में वाणी ने प्रथम, रुतवी ने द्वितीय तथा नविका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कलरिंग प्रतियोगिता में चैतन्य प्रथम, साक्षी द्वितीय और रुतवी तृतीय रहीं। फिंगर एंड थंब पेंटिंग में रुतवी ने प्रथम, वाणी ने द्वितीय तथा कृतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। सीएचटी रामचंद चंदेल ने विद्यार्थियों को शानदार प्रदर्शन और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विद्यालय के कार्यवाहक मुख्य अध्यापक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और आपसी सहभागिता की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने रंगोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।


