राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में स्वच्छता पखवाड़े का समापन

विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से दिया स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश।


ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज।उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में 1 से 15 सितंबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का समापन जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, कूड़े-कचरे के उचित निपटान तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाने में भारत स्काउट एंड गाइड तथा इको क्लब के विद्यार्थियों ने विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।


समापन अवसर पर ग्राम पंचायत कुंहर के उपप्रधान जुगल किशोर, बीडीसी सदस्य जगदीश चन्द, पूर्व प्रधान कमलेश कुमारी तथा कृष्णा हेल्प ग्रुप कुंहर के सदस्यों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वच्छता का संदेश दिया।


अतिथियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय, गांव और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण का स्वास्थ्य और जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा स्वच्छता की अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
विद्यालय प्रभारी ने कार्यक्रम में पहुंचकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व प्रधान एवं कृष्णा हेल्प ग्रुप कुंहर के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी अध्यापकों, भारत स्काउट एंड गाइड तथा इको क्लब के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता को केवल पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page