ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– ग्राम पंचायत घनागुघाट में रविवार को महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पंचायत के विकास और महिलाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में महिलाओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं ने पेयजल, सड़क, स्वच्छता सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपने सुझाव एवं विचार भी रखे।
ग्राम पंचायत प्रधान आशा ठाकुर ने कहा कि पंचायत के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

महिलाओं द्वारा ग्राम सभा में रखे गए सुझावों को पंचायत के विकास कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
उपप्रधान हरीश कुमार ने कहा कि महिला ग्राम सभा महिलाओं को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने के साथ-साथ पंचायत के विकास में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने महिलाओं से भविष्य में भी पंचायत की बैठकों और विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान आशा ठाकुर, उपप्रधान हरीश कुमार सहित पंचायत के सभी वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।





