ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- धुन्दन ब्लॉक की अंडर -14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सरयांज में राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। टीम ने संस्कृत अध्यापक भूपेन्द्र कुमार के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया।

विद्यालय के चार छात्रों ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम के खिलाड़ी गगन तनवार का चयन जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद जब खिलाड़ी विद्यालय पहुंचे तो विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा सहित समस्त अध्यापकों और विद्यार्थियों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। खिलाड़ियों के सम्मान में विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने खिलाड़ियों को उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संस्कृत अध्यापक भूपेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन को दिया।



