ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला में भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से जिला स्तरीय स्पेल एवं मैथ्स विजार्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषा एवं गणितीय दक्षताओं का विकास करने के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, जिला शिमला निशा भलूनी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या विद्या बंशटू ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण से ही सफलता हासिल की जा सकती है।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शीतल ठाकुर और परमजीत चंदेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला विज्ञान पर्यवेक्षक पंकज शर्मा भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

जिला स्तरीय मैथ विजार्ड प्रतियोगिता में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहबाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटूखर ने द्वितीय तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माहौरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं जिला स्तरीय स्पेल विजार्ड प्रतियोगिता में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला प्रथम स्थान पर रही। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कियार ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। भारती एयरटेल फाउंडेशन की ओर से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप, रीजनल ट्रेनर विजय कुमार तिवारी, एकेडमिक मेंटर्स दिवेश कुमार, अनूप कौशल, हरीश, स्मृति सिंह, पूर्णिमा शर्मा और संतोष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।




