ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-लगातार हो रही भारी बारिश के बीच दाड़लाघाट उपतहसील के क्यारड़ गांव के पास अभी सड़क पर पत्थर गिरने से यातायात को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, सड़क पर लगातार पत्थर गिरने के कारण लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। फिलहाल सड़क से पत्थर एवं मलबा हटाने का कार्य जारी है। एनएचएआई की टीम द्वारा मार्ग को साफ किया जा रहा है। सड़क सुरक्षित होने के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित क्षेत्र से अनावश्यक यात्रा न करें और प्रतिबंधित स्थान पर वाहन रोकने, पार्क करने या सड़क पार करने का प्रयास न करें।

भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान दोबारा पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। लोगों से पुलिस, एनएचएआई और मौके पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने तथा जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

डीडीएमए सोलन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सड़क साफ होने और मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यातायात पूरी तरह सामान्य किया जाएगा।


