भूमती के जेखड़ी गांव में पूर्व सैनिक से कथित मारपीट, मामला दर्ज

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती के जेखड़ी गांव में पूर्व सैनिक कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा को अर्की अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी शिकायत में कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा ने आरोप लगाया है कि 22 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह अपने कमरे में थे। इसी दौरान गली में तेज आवाज में गाने बजने की जानकारी मिलने पर वह गोशाला की ओर गए। शिकायत के अनुसार, वहां रजत शर्मा ने कथित तौर पर डंडे से उनके सिर पर वार किया। शिकायत में उनके पोते चिराग के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।


घटना के बाद परिजन कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा और उनके पोते को उपचार के लिए अर्की अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच के बाद कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।


पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम् देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेमचंद चौहान सहित लीग के समस्त सदस्यों ने मामले पर चिंता जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन दुर्गादत्त शर्मा पूर्व सैनिक होने के साथ-साथ लीग के सक्रिय सदस्य हैं। लीग पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने का आग्रह किया है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page