अर्की के डुमैहर में चोरों के हौसले बुलंद, सोलर लाइट की बैटरी चुराने का प्रयास नाकाम।

गौशाला में घुसे दो अज्ञात युवक, शोर मचाते ही बैटरी छोड़कर फरार; पुलिस को दी सूचना।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत डुमैहर गांव में बीती रात चोरी का प्रयास सामने आया है। अज्ञात चोरों ने गांव की एक गौशाला में लगी सोलर लाइट की बैटरी चुराने की कोशिश की, लेकिन परिवार वालों की सतर्कता के चलते उनका प्रयास विफल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों का पता लगाने की मांग की है।
स्थानीय निवासी सचिन पाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह अपनी दुकान से घर लौटे और भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई अनमोल पाल को उनकी गौशाला की ओर कुछ हलचल महसूस हुई। जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि दो अज्ञात व्यक्ति गौशाला में लगी सोलर लाइट की बैटरी निकालकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।


अनमोल पाल ने तुरंत शोर मचाया, जिससे दोनों चोर बैटरी वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए और देर रात तक आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।


सचिन पाल ने बताया कि शनिवार को उन्होंने इस घटना की सूचना दूरभाष के माध्यम से पुलिस थाना अर्की को दे दी है। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है, जबकि चोरों की पहचान नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की कोशिशें बढ़ने लगी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page