अर्की के मांजू की अनिता शर्मा बनीं डिप्टी डायरेक्टर (क्वालिटी), सिरमौर में मिली नई जिम्मेदारी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के गांव मांजू (काउली) की निवासी अनिता शर्मा को हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में उप शिक्षा निदेशक (डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन) के पद पर पदोन्नत करते हुए जिला सिरमौर में डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (क्वालिटी) नियुक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


शिक्षा सचिव राकेश कंवर, आईएएस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के 14 प्रधानाचार्यों (स्कूल कैडर) को पदोन्नत कर उप शिक्षा निदेशक (डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन) के पद पर विभिन्न जिलों एवं शाखाओं में तैनात किया है। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। यह नियुक्तियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी।


अनिता शर्मा वर्तमान में डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (इंस्पेक्शन), शिमला के पद पर कार्यरत हैं। पदोन्नति के उपरांत उन्हें डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (क्वालिटी), सिरमौर का दायित्व सौंपा गया है। शिक्षा विभाग में लंबे अनुभव और प्रशासनिक कार्यकुशलता के आधार पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।


अनिता शर्मा के पति मदन शर्मा वर्तमान में अदानी सीमेंट (पूर्व अंबुजा सीमेंट) के मराठा सीमेंट वर्क्स, चंद्रपुर (महाराष्ट्र) में डिप्टी जनरल मैनेजर (लॉजिस्टिक्स) के पद पर कार्यरत हैं। वे कंपनी के लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।


अनिता शर्मा की पदोन्नति पर मांजू (काउली) सहित पूरे अर्की क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों, शुभचिंतकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का भी सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page