ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– राजकीय महाविद्यालय अर्की के प्राध्यापकों ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (एचजीसीटीए) के बैनर तले गेट मीटिंग आयोजित कर सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजन तनवर ने बताया कि इस दौरान प्राध्यापकों ने काले बिल्ले लगाकर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की लंबित बैठकों को शीघ्र आयोजित करने तथा करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) को लागू करने की मांग उठाई।

एचजीसीटीए इकाई अर्की के अध्यक्ष डॉ. मस्तराम ने कहा कि वर्ष 2021 से पे-बैंड-2, पे-बैंड-3 तथा पे-बैंड-4 के अंतर्गत पात्र महाविद्यालय प्राध्यापकों की पदोन्नतियां लंबित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सेवा संबंधी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से शीघ्र डीपीसी आयोजित कर पात्र प्राध्यापकों को समय पर पदोन्नति प्रदान करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर 6 जुलाई से 11 जुलाई तक महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक काले बिल्ले लगाकर नियमित अध्यापन कार्य करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। साथ ही सरकार से करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) को भी शीघ्र लागू करने का आग्रह किया गया।

इकाई के सचिव डॉ. यशवंत शांडिल ने कहा कि सरकार को महाविद्यालय प्राध्यापकों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए समय पर पदोन्नति एवं सभी वित्तीय लाभ सुनिश्चित करने चाहिए।
प्राध्यापकों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान करेगी।




