धुंदन स्कूल प्रबंधन समिति का गठन, सुनील ठाकुर अध्यक्ष व प्रेम भगत उपाध्यक्ष बने

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में आयोजित आम सभा के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें सुनील ठाकुर को अध्यक्ष तथा प्रेम भगत को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धुंदन के प्रधान जगदीश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।


नई कार्यकारिणी की पहली मासिक बैठक एसएमसी अध्यक्ष सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उप प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल ने प्रधानाचार्य मनोरमा कुमारी चड्ढा की ओर से सभी सदस्यों का स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने बैठक के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विद्यालय में प्रवक्ता (इतिहास), प्रवक्ता (वाणिज्य), कला स्नातक, भाषा अध्यापक, वरिष्ठ सहायक, चपरासी एवं चौकीदार के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई गई।

एसएमसी अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने प्रधानाचार्य से आग्रह किया कि इस संबंध में विधायक संजय अवस्थी से मिलकर आवश्यक कार्रवाई करवाई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
सदस्यों ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक होने वाली प्रथम टर्म परीक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि अभी तक सीबीएसई की ओर से परीक्षा प्रणाली एवं प्रश्नपत्रों के संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इस विषय पर उच्च अधिकारियों से शीघ्र संपर्क करने का आग्रह भी किया गया।


बैठक में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि निर्माण कंपनी के वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक को पत्र लिखकर अनुरोध किया जाएगा कि सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तथा दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक विद्यालय के समय में हाईवे पर भारी निर्माण गतिविधियां और यातायात नियंत्रित रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रेम भगत, वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल, सदस्य श्यामलाल, मोहन लाल, विमला देवी सहित स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page