ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय केन्द्र प्राथमिक विद्यालय चंडी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं 2027-28 के लिए स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन केंद्राध्यक्ष यश पाल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विद्यालय में आयोजित आम सभा में अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सर्वसम्मति से हेम राज को एसएमसी का अध्यक्ष तथा भावना देवी को उपाध्यक्ष चुना।


इसके अलावा राकेश शर्मा, विद्या देवी, आशा, राजकुमार शर्मा, कल्पना शर्मा, सीमा वर्मा, हेमंत तथा कुंता देवी को समिति के सदस्य के रूप में चुना गया।

इस अवसर पर केंद्राध्यक्ष यश पाल शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं जिम्मेदारी के साथ विद्यालय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।

बैठक के दौरान विद्यालय के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा अभिभावकों की सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।



