ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – सोलन-कंधर रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस के बार-बार बीच रास्ते में खराब होने से क्षेत्र के लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस रूट पर पुरानी और तकनीकी रूप से कमजोर बसें भेजी जा रही हैं, जिसके कारण यात्रियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हाल ही में सोलन-कंधर रूट पर चल रही एचआरटीसी बस दानोघाट के समीप तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में खराब हो गई। बस के मार्ग में खराब हो जाने से यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। इससे स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा अन्य यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यह बस कई बार शालाघाट तथा अन्य स्थानों पर रास्ते में खराब हो चुकी है। बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से यात्रियों का समय तो खराब होता ही है, साथ ही उनकी दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रूट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली और कॉलेज विद्यार्थी, सरकारी एवं निजी कर्मचारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोग यात्रा करते हैं। सुबह बस खराब होने पर कई विद्यार्थियों को पैदल स्कूल और कॉलेज की ओर जाना पड़ता है, जबकि शाम को घर लौटने वाले यात्रियों को भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार लोगों को निजी वाहनों या टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है।

ल
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बस सेवा इसी प्रकार प्रभावित होती रही तो लोगों का सार्वजनिक परिवहन से विश्वास उठ सकता है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि सोलन-कंधर रूट पर अच्छी स्थिति वाली तथा तकनीकी रूप से पूरी तरह फिट बसें उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल सके।

इस संबंध में एचआरटीसी सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी। उन्होंने कहा कि निगम को जैसे ही नई बसें उपलब्ध होंगी, सोलन-कंधर सहित ऐसे रूटों पर नई बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही मौजूदा बसों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

क्षेत्रवासियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि यह रूट ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा है। ऐसे में इस मार्ग पर नियमित और भरोसेमंद बस सेवा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को बार-बार होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।


