ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग से छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों, राहगीरों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों को शीतल जल, शरबत और फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संस्कृत अध्यापक भूपेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को निर्जला एकादशी के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में जलदान को महादान माना गया है तथा गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को जल पिलाना सबसे बड़े पुण्य कार्यों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि निर्जला एकादशी को भीमसेन एकादशी के नाम से भी जाना जाता है तथा इससे जुड़ी पौराणिक कथा का भी उल्लेख किया।

छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में भाग लेते हुए लोगों को जल संरक्षण का संदेश भी दिया। विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, परोपकार और मानवता की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराते हैं।

स्थानीय लोगों ने विद्यालय परिवार के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रेरणादायक पहल बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित रहे।





