ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला हनुमान बड़ोग में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में अभिभावकों, शिक्षकों, स्थानीय गणमान्य लोगों तथा ग्राम पंचायत प्रधान कांता शर्मा और उपप्रधान नरेश ठाकुर की उपस्थिति में सर्वसम्मति से हेमचन्द को समिति का अध्यक्ष चुना गया।

बैठक के दौरान कला स्नातक पुष्पेंद्र शर्मा ने गत वर्ष स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। कार्यवाहक मुख्य अध्यापक नरेन्द्र शर्मा ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय और अभिभावकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विद्यालय के विकास में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि समिति के सहयोग से विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष हेमचन्द ने उन पर जताए गए विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने तथा हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।





