ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- अर्की क्षेत्र में बीएसएनएल टावरों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विभाग और स्थानीय उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। बीएसएनएल अर्की के एसडीओ दिनेश कुमार ने बताया कि ताजा मामले में 22 जून 2026 को धैणा स्थित टावर से डीजल जनरेटर सेट का महत्वपूर्ण सामान चोरी हो गया।

उनके अनुसार चोर जनरेटर सेट का अल्टरनेटर, डायनेमो, सेल्फ तथा 12 वोल्ट की बैटरी चोरी कर ले गए। उन्होने बताया कि जब लाईनमैन सोहन लाल रूटीन टैस्टिंग के लिए टाॅवर पर गए तो उक्त सामान गायब पाया गया जिसकी सूचन उन्होने कार्यालय में दी ! चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.92 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले की शिकायत थाना अर्की में दर्ज करवा दी गई है तथा पुलिस जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी बढलग क्षेत्र स्थित बीएसएनएल टावर पर चार से पांच बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

इन मामलों की शिकायतें भी पुलिस को दी गई थीं। वहां से लगभग दो लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ था। इसके अतिरिक्त करीब 15 दिन पहले मांझू तथा मांगू स्थित बीएसएनएल टावरों से केबल चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई थीं। लगातार हो रही चोरियों से विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं दूरसंचार सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

बीएसएनएल अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से चोरों का शीघ्र पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी टावर परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

बॉक्स में….
डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा अर्की ने बताया कि बीएसएनएल अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



