ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन की जिला स्तरीय कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक 1 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे ऐतिहासिक बाड़ीधार मंदिर परिसर में आयोजित की जाएगी। बैठक को लेकर संगठन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल है।


संगठन के जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष केडी शर्मा करेंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी के चलते बैठक को पेंशनरों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की दृष्टि से विशेष महत्व का माना जा रहा है।

जिलाध्यक्ष केडी शर्मा एवं जिला महासचिव जगदीश पंवर ने संयुक्त रूप से बताया कि बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों, चिकित्सा सुविधाओं, महंगाई राहत, पेंशन संबंधी विसंगतियों, सामाजिक सुरक्षा तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त संगठन की आगामी गतिविधियों और सरकार के समक्ष उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी रणनीति तैयार की जाएगी।

जिला महासचिव जगदीश पंवर ने जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों, विभिन्न इकाइयों के प्रधानों, उपप्रधानों एवं महासचिवों से समय पर बैठक में पहुंचकर अपने सुझाव देने का आग्रह किया है, ताकि पेंशनरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों तक पहुंचाया जा सके।

वहीं, जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप ने जिले की सभी इकाइयों के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों से बैठक में अनिवार्य रूप से भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है और यह बैठक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले भर से आने वाले प्रतिनिधियों की भागीदारी से बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनेगी तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना को नई दिशा मिलेगी।

