हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर : संजय अवस्थी

बनिया देवी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बखालग में मंगलवार को पारंपरिक बनिया देवी मेले का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। मेले में क्षेत्र भर से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने माँ वन दुर्गा मंदिर बनिया देवी में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मेला समिति एवं स्थानीय लोगों द्वारा विधायक का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।


मुख्य अतिथि ने बनिया देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के प्रारंभिक कार्य के लिए 5 लाख रुपये, ग्यासी माता देवी मंदिर में ग्रिल लगाने के लिए 1 लाख रुपये तथा गोपाल के घर से मंझली बेड़ धरनो मार्ग के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने दिदू से बनिया देवी मार्ग पर मुख्य द्वार निर्माण तथा भिंडी से जाबलू मार्ग के निर्माण के लिए अनुमानित राशि उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त मेला समिति को 21 हजार रुपये तथा महिला मंडल धरनो को आवश्यक सामान क्रय करने के लिए 11 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।


अपने संबोधन में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर है और समृद्ध देव संस्कृति का संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मेले और उत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं तथा युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के इस युग में सामाजिक भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत बनाने में मेलों और त्योहारों की भूमिका और अधिक बढ़ गई है।


विधायक ने कहा कि लगभग 450 वर्ष पुराने बनिया देवी मंदिर का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व है तथा यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।


इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।


इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक, ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत बसंतपुर के उपप्रधान धनीराम ठाकुर, कांग्रेस नेता किरपा राम, मेला समिति अध्यक्ष पूरण चंद, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page