डिंपल शर्मा धर्मपुर,(मंडी)// दैनिक हिमाचल न्यूज़ – उपमंडल मुख्यालय धर्मपुर में सोमवार को पंचायत समिति के नवनिर्वाचित 20 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने एसडीएम कार्यालय परिसर में आयोजित सादे लेकिन गरिमामय समारोह में सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।

इस अवसर पर एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे बिना किसी भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने सभी सदस्यों से निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

एसडीएम ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करें।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने तथा लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) धर्मपुर बालम राम, पंचायत निरीक्षक संजय पराशर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

ज्ञात रहे कि शपथ ग्रहण के बाद अब पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं और क्षेत्र में इसको लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


