ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार विकास खंड की ब्लॉक समिति में निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी समर्थित सदस्यों ने शनिवार को शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर सोलन भाजपा जिलाध्यक्ष रतन पाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार कुनिहार ब्लॉक समिति के 23 निर्वाचित सदस्यों में से 15 सदस्य भाजपा समर्थित हैं। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने जयराम ठाकुर से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में जनता द्वारा दिया गया जनादेश विकास, सुशासन और जनसेवा के प्रति लोगों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण होती है।

बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए सेवा, समर्पण और जवाबदेही की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं, नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया तथा कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रतिभा कंवर, अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज, दाड़लाघाट भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




