ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- पशु मित्र नीति-2025 के अंतर्गत उपमंडलीय पशु चिकित्सालय अर्की के अधीन विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों में पशु मित्रों के पांच रिक्त पदों को भरने के लिए 19 जून 2026 को प्रातः 11 बजे उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कार्यालय अर्की में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवराज शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के उपरांत पशु मित्र पॉलिसी-2025 के प्रावधानों के अनुसार मेरिट तैयार की गई है। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को ही काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है।

उन्होंने बताया कि काउंसलिंग में केवल वही अभ्यर्थी भाग लें, जिन्हें विभाग की ओर से आधिकारिक कॉल लेटर जारी किए गए हैं। शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को इसकी सूचना कॉल लेटर, दूरभाष, व्हाट्सएप तथा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जा रही है।
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड, श्रेणी एवं उप-श्रेणी प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि आवेदन पत्र के साथ जिन दस्तावेजों की प्रतियां संलग्न की गई थीं, उन सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां भी सत्यापन के लिए काउंसलिंग के समय प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी स्वतः निरस्त मानी जाएगी तथा इस संबंध में कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 01796-220543 पर संपर्क कर सकते हैं।




