ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार -सुबाथू-सोलन सड़क मार्ग पर गम्बर नदी पर बने नए पुल को मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। लगभग 10.5 करोड़ की लागत से तैयार यह नया पुल इलाके के सैकड़ों वाहन चालकों के लिए राहत लेकर आया है। वर्षों से जर्जर हो चुके पुराने पुल के चलते लोगों को रोजाना जोखिम भरे सफर से गुजरना पड़ता था।

पुराने पुल की ओर जाने वाली तीखी ढलान और कमजोर रिटेनिंग वॉल के कारण कई वाहन खड्ड में गिर चुके थे, जिनसे कई परिवारों ने अपने सदस्य खो दिए। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ कड़ा आंदोलन शुरू किया, जिसके बाद पुल निर्माण को मंजूरी मिली। नए पुल के शुरू होते ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में खुशी का माहौल है।
पुराने पुल की जर्जर हालत ने बढ़ाई थी मुश्किलें
गम्बरपुल कई दशक पुराना था और समय के साथ इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। संकीर्ण मार्ग और कमजोर संरचना के चलते यहाँ नियमित रूप से हादसे होते थे। इसी वजह से लंबे समय से नए पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2023 में नए पुल का निर्माण कार्य शुरू करवाया।

बीते वर्षों में हुए गंभीर हादसे
अप्रैल 2017: फीड से भरा कैंटर गिरा, चालक की मौत, दो घायल।
5 जनवरी 2018: पिकअप गिरने से चालक की मौत।
23 दिसंबर 2018: ईंटों से लदा ट्रक गिरा, तीन मौतें।
21 मार्च 2019 (होली): ट्रक गिरने से दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल पहुँचने से पहले दम तोड़ा।
9 मार्च 2022: कार हादसे में भाई-बहन की मृत्यु।
अप्रैल (वर्ष): हरियाणा नंबर का टैंकर गिरा, चालक की मौत।
18 अप्रैल 2025: ट्रक-जीप टक्कर में बड़ा हादसा टला।

2022 में ग्रामीणों का तीखा विरोध, घंटों बंद रहा मार्ग
साल 2022 में एक महीने में दो बड़े हादसों में तीन युवाओं की मौत के बाद ग्रामीणों ने सरकार और विभाग के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया था। करीब ढाई घंटे तक कुनिहार–सोलन मार्ग पूरी तरह बंद रहा। स्थिति शांत करवाने के लिए लोनिवि के अधिकारी व बाद में तत्कालीन एसडीएम सोलन अजय यादव मौके पर पहुँचे और पुल निर्माण शीघ्र शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए बेहद महत्वपूर्ण पुल
यह पुल सोलन जिले को अर्की उपमंडल, दाड़लाघाट सीमेंट प्लांट, बरमाणा सहित कुल्लू, मनाली, मंडी, कांगड़ा और धर्मशाला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है। रोजाना बड़ी संख्या में वाहन यहाँ से गुजरते हैं, इसलिए नया पुल क्षेत्रीय यातायात के लिए एक अहम सुविधा साबित होगा।
सुबाथू लोक निर्माण विभाग के एसडीओ साहिल कश्यप ने बताया कि नया पुल वाहनों के लिए खोल दिया गया है। दोनों सिरों पर टायरिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। यह डबल लाइन पुल 73 मीटर लंबा और 24.5 फुट चौड़ा है। उन्होंने कहा कि पुराने पुल को पैदल यात्रियों के उपयोग के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा।



